व्यापारियों का पेयजल किल्लत को लेकर प्रदर्शन

0
397

उत्तरी हरिद्वार में पेयजल किल्लत और दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर महानगर व्यापार मंडल सड़क पर उतर आया। व्यापारियों ने उत्तरी हरिद्वार में जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन कर व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। चेताया कि यदि अधिकारियों ने पेयजल आपूर्ति सुचारू और दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या को दूर नहीं किया, तो बिलों की अदायगी बंद करने के साथ चरणबद्ध आन्दोलन किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार के भीमगोड़ा, नई बस्ती, उत्तम बस्ती, दुर्गानगर, मुखिया गली, भूपतवाला आदि क्षेत्रों की बड़ी आबादी लंबे समय से पेयजल किल्लत से जूझ रही है। पेयजल किल्लत से नागरिकों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो गई है। लोग रतजगा कर पानी भरने को मजबूर हैं। विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दूषित पेयजल आपूर्ति से संक्रामक रोगों से ग्रसित हो रहे हैं लोग

पेयजल किल्लत का सामना होटल, धर्मशाला और आश्रमों के ठहरे तीर्थयात्रियों को भी उठाना पड़ रहा है और जिम्मेदार विभागीय अधिकारी और कर्मचारी कुंभकर्णी नींद सोए हैं। पंकज ममगाईं ने कहा कि जगह-जगह लीकेज के चलते लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। दूषित पेयजल आपूर्ति से लोग संक्रामक रोगों से ग्रसित हो रहे हैं। सुमित तिवारी और आकाश भाटी ने कहा कि यदि अधिकारियों ने व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो चरणबद्ध आन्दोलन चलाया जाएगा।

इस दौरान अजय वाधवा, एसएन तिवारी, ऋषभ वशिष्ठ, अरुण शर्मा, प्रमोद पाल, पंकज शर्मा, प्रदीप कुमार, संजय अरोड़ा, पंकज माटा, विशाल मलिक, भूदेव शर्मा, प्रीतम सिंह, गणेश शर्मा, मनोज वर्मा, दीपक मेहता, राजेंद्र अरोड़ा, कुलदीप सिंह, राहुल चैहान, धर्मपाल प्रजापति, रोहित नेगी आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY