देहरादून ही नहीं, प्रदेश के हर कोने में दिखेगी सरकारः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

0
272

उत्तराखंड सरकार की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के विकास का खाका तैयार कर रहे हैं, तो बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर मुहैया कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। वह प्रदेश के हर कोने में सरकार की उपस्थिति नजर आने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए प्रदेश के हर ब्लाक तक दौरे की तैयारी है। युवाओं के भविष्य को देखते हुए उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की छूट देने का निर्णय लिया है।

जनता के बीच जाएगी सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार अब केवल देहरादून में ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर कोने में दिखाई देगी। जल्द ही वह प्रदेश का दौरा शुरू करेंगे। सरकार जनता के बीच जाएगी। सरकार के रूप में नहीं, साझीदारी के रूप में काम किया जाएगा। अब बोलना कम और काम ज्यादा होगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार को भी जोड़ा जाएगा। सभी वरिष्ठ विधायकों को अनुभवी बताते हुए उन्होंने कहा कि सबके सहयोग से सरकार आगे बढेगी। पूर्ववर्ती त्रिवेंद्र और तीरथ सरकार के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रदेश में चार साल में तीन मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार वही है, केवल चेहरे बदले हैं। सरकार ने चार सालों में उत्तराखंड के विकास के लिए बहुत सारे काम किए हैं। जो काम शुरू किए गए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। नए काम भी शुरू किए जाएंगे। लक्ष्य स्पष्ट रखा गया है कि नए कार्यों का केवल शिलान्यास ही नहीं होगा, बल्कि लोकार्पण भी किया जाएगा। यानी जो काम शुरू करेंगे, उसे पूरा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY