कांग्रेस विधायक के अमर्यादित आचरण और मुख्यमंत्री को दी गई धमकी पर राजेश शुक्ला ने उठाए सवाल, बोले– लोकतंत्र में बैलेट की ताकत चलेगी, बुलेट की नहीं

0
23

कांग्रेस नेतृत्व हरीश धामी के बयान पर अपना रुख स्पष्ट करे,

 

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आज अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस विधायक हरीश धामी द्वारा कथित रूप से किए गए अमर्यादित व्यवहार, गाली-गलौज, माइक फेंकने, कुर्सी उठाने तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को जान से मारने और नरबलि जैसी धमकी देने संबंधी बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन हिंसा, धमकी, अराजकता और गुंडागर्दी को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

 

राजेश शुक्ला ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक हरीश धामी द्वारा सार्वजनिक रूप से स्वयं को उत्तराखंड का सबसे बड़ा गुंडा बताना तथा मुख्यमंत्री को जान से मारने और नरबलि लेने जैसी बातें करना क्या कांग्रेस की आधिकारिक सोच और राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा है? यदि कांग्रेस पार्टी इस बयान और आचरण से सहमत नहीं है तो उसे तत्काल संबंधित विधायक से अपना पल्ला झाड़ते हुए उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी ऐसे बयानों पर चुप्पी साधे रहती है तो इससे जनता के बीच यही संदेश जाएगा कि कांग्रेस नेतृत्व इस प्रकार की अराजकता का समर्थन करता है।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज देश और विभिन्न राज्यों में लगातार जनता का विश्वास खो रही है। सत्ता से दूर रहने की हताशा और निराशा उसके कुछ नेताओं के व्यवहार में दिखाई दे रही है। लोकतंत्र में हार-जीत एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। राजनीतिक दलों को जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए, न कि निराशा में हिंसा और धमकी का रास्ता अपनाना चाहिए। चुनाव जनता के बीच जाकर अपने विचार, नीतियां, विकास का एजेंडा और भविष्य का रोडमैप प्रस्तुत करके जीते जाते हैं, न कि मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियों से।

 

पूर्व विधायक ने अपने राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जब तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत पंतनगर एयरपोर्ट के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे, तब वे क्षेत्र के विधायक होने के बावजूद विपक्ष में थे। उस कार्यक्रम में उन्हें अध्यक्षता करनी थी, लेकिन उन्हें मंच पर बैठने के लिए कुर्सी तक उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बावजूद उन्होंने न तो माइक फेंका और न ही किसी प्रकार की अभद्रता या हिंसा का सहारा लिया। उन्होंने संवैधानिक और विधिक प्रक्रिया अपनाते हुए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि यदि हरीश धामी को किसी सरकारी कार्यक्रम में उचित सम्मान या बोलने का अवसर नहीं मिला था, तो वे भी अपनी बात मीडिया, विधानसभा अध्यक्ष अथवा संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकते थे। लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखने के लिए अनेक संवैधानिक विकल्प उपलब्ध हैं।

 

शुक्ला ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार संबंधित कार्यक्रम में हरीश धामी का स्वागत भी किया गया था तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में उनका नाम सम्मानपूर्वक लिया था। यदि समयाभाव के कारण किसी वक्ता को संबोधन का अवसर नहीं मिल पाया, तो इसे उचित माध्यम से उठाया जा सकता था। लेकिन इस प्रकार की स्थिति को हिंसक और अमर्यादित व्यवहार का आधार बनाना किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति प्रदेश की जनता का अपार स्नेह और विश्वास है। उनकी लोकप्रियता से विचलित होकर इस प्रकार की बयानबाजी करना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता बार-बार मुख्यमंत्री के वर्ष 2022 के चुनाव परिणाम का उल्लेख करते हैं, लेकिन चंपावत उपचुनाव में मुख्यमंत्री को मिले भारी जनसमर्थन पर मौन साध लेते हैं। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने मुख्यमंत्री पद के दावेदार को ऊधम सिंह नगर की किसी सीट से चुनाव लड़ाकर देख ले, जनता का समर्थन किसे मिलता है, यह स्पष्ट हो जाएगा।

 

राजेश शुक्ला ने कहा कि यह केवल एक विधायक के व्यवहार तक सीमित विषय नहीं है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा मारपीट, गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने जसपुर और किच्छा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक असहमति को हिंसा में बदलना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेतृत्व अपने नेताओं के इस आचरण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है तो यह स्पष्ट होगा कि पार्टी जनता का विश्वास जीतने के बजाय अराजकता के माध्यम से राजनीतिक लाभ हासिल करना चाहती है।

 

मुख्यमंत्री को दी गई कथित धमकियों के संबंध में कानूनी कार्रवाई के सवाल पर शुक्ला ने कहा कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार सरकारी कार्यक्रम में हुई घटना को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारी द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और न्यायालय अपना निर्णय देगा, लेकिन लोकतंत्र में जनता की अदालत भी सर्वोपरि है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ऐसे आचरण और राजनीतिक संस्कृति का जवाब अपने मताधिकार से देगी।

 

उन्होंने कहा कि देश ने आपातकाल के दौर में भी लोकतंत्र और जनशक्ति की ताकत को देखा है। भारत की जनता हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था के साथ खड़ी रही है। आज भी देश और उत्तराखंड की जनता हिंसा तथा तानाशाही की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

 

प्रेस वार्ता के अंत में राजेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ उत्तराखंड का जन-जन खड़ा है। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, विकास और जनसेवा की राजनीति में विश्वास रखती है। राजनीतिक लड़ाई विचारों और जनसमर्थन के आधार पर लड़ी जानी चाहिए। लोकतंत्र में सरकारें बैलेट से बनती हैं, बुलेट से नहीं। जनता के विश्वास को न हिंसा से जीता जा सकता है और न ही धमकियों से दबाया जा सकता है। उन्होंने प्रश्नचिन्ह खड़े करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी व पुष्कर सिंह धामी से प्रदेश की लाखों जनता प्यार करती है क्या कांग्रेस या उसके तथाकथित गुंडा नेता उन सभी की बलि चढ़ाएंगे!

LEAVE A REPLY