अब मेजर ध्यान चंद के नाम पर होगा राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड का नाम

0
89

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद के नाम पर रखा जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद के नाम पर खेल रत्न पुरस्कार का नाम रखने के लिए भारत भर के नागरिकों से कई अनुरोध प्राप्त हो रहे हैं। मैं उनके विचारों के लिए उनका धन्यवाद करता हूं। उनकी भावना का सम्मान करते हुए, खेल रत्न पुरस्कार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार कहा जाएगा!

देश को गर्वित कर देने वाले पलों के बीच अनेक देशवासियों का ये आग्रह भी सामने आया है कि खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद को समर्पित किया जाए। लोगों की भावनाओं को देखते हुए, इसका नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किया जा रहा है।

लोगों की भावनाओं को देखते हुए फैसला

पीएम ने ट्वीट में कहा कि ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रयासों से हम सभी अभिभूत हैं। विशेषकर हॉकी में हमारे बेटे-बेटियों ने जो इच्छाशक्ति दिखाई है, जीत के प्रति जो ललक दिखाई है, वो वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।

भारत के लिए सम्मान और गौरव लाए ध्यानचंद

पीएम मोदी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद भारत के उन अग्रणी खिलाड़ियों में से थे जिन्होंने भारत के लिए सम्मान और गौरव अर्जित किया। उन्होंने कहा कि हमारे देश का सर्वोच्च खेल सम्मान उन्हीं के नाम पर रखा जाना बिल्कुल सही है।

महिला-पुरुष हॉकी टीम का असाधारण प्रदर्शन

पीएम मोदी ने कहा कि तोक्यो ओलिंपिक में पुरुष और महिला हॉकी टीम का असाधारण प्रदर्शन ने समूचे देशवासियों के दिलो-दिमाग में बस गया है। देश के एक छोर से लेकर दूसरे छोर तक हॉकी के प्रति एक नए सिरे से रुचि उभर रही है। यह आने वाले समय के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है।

LEAVE A REPLY