प्रीतम सिंह ने पार्टी में किसी भी गुटबाजी से किया इन्कार, पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र

0
122

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि 2022 के चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा रखना है या नहीं, यह पार्टी हाईकमान तय करेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर कुंभ कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। प्रीतम सिंह ने पार्टी में किसी भी गुटबाजी से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत जिन सुझावों को रख रहे हैं, वे उनके निजी विचार हैं। पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है।

भाजपा पर आरोप लगाते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार और संगठन में विधायक, मंत्री भ्रष्टाचार पर सवाल उठा रहे हैं। भाजपा को कांग्रेस पर टिप्पणी से पहले अपना घर देखना चाहिए। उन्होंने टिप्पणी की कि ‘जिनके घर शीशे को होते हैं, वे दूसरों पर पत्थर नहीं उछाला करते’। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला तैयारी को लेकर हाईकोर्ट की फटकार को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि करोड़ों व्यक्तियों की श्रद्धा से जुड़े कुंभ पर्व की तैयारी को लेकर सरकार असफल साबित हुई है। महाकुंभ में हुए भ्रष्टाचार पर केंद्रीय मंत्री सवाल उठा चुके हैं।

प्रीतम सिंह व इंदिरा हृदयेश ने लिया तैयारी का जायजा

किसानों के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजभवन कूच कार्यक्रम की तैयारी को लेकर राजीव भवन में बैठक हुई। इसमें प्रीतम सिंह के साथ नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश भी शामिल हुईं। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लिया। प्रीतम सिंह ने पार्टी के विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्त्ता राजभवन कूच में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी शामिल होंगे।

LEAVE A REPLY