बड़ी सोच के साथ ही होगा एक भारत, श्रेष्ठ भारत का निर्माणः निशंक

0
106

केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि बड़ी सोच के साथ ही एक भारत, श्रेष्ठ भारत का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि स्थानीय सरकार को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और जज्बे के साथ कार्य करने का आह्वान किया। शुक्रवार को देहरादून में उत्तराखंड की पंचायती राज संस्थाओं से संपर्क और परिचय कार्यक्रम के अंतर्गत ‘पंचायतीराज व्यवस्था विकेंद्रीकृत शासन व्यवस्था का सशक्तीकरण’ विषय पर आयोजित सम्मेलन के दूसरे सत्र की शुरुआत करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री निशंक ने यह बात कही।

ग्रामीणों का मनोबल बढ़ाएं और उनकी समस्याओं का करें निस्तारण

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सीमांत क्षेत्रों में पांच से सात दिन प्रवास करें। वहां सीमा प्रहरी के रूप में रह रहे ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाएं और उनकी समस्याओं का निस्तारण करें। इससे पलायन भी रुकेगा। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के बिना शहरों का विकास नहीं हो सकता है। विकास के लिए गांव व शहर एक दूसरे से पारस्परिक रूप से जुड़े हुए हैं।

पंचायत लोकतंत्र की मूलभूत इकाई है। देवभूमि उत्तराखंड जैसे ऐतिहासिक, पर्यावरणीय व सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य में लोगों तक विकास पहुंचाने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार गांवों के विकास के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा कि पंचायत राज व्यवस्था के माध्यम से विकेंद्रीकृत लोकतंत्र को अत्यधिक बलशाली बनाया जा सकता है। पंचायती राज मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गांव बचाओ आंदोलन के सूत्रधार एवं प्रख्यात पर्यावरणविद पद्मभूषण डा. अनिल प्रकाश जोशी ने जल, जंगल और वायु की त्रिवेणी को संजोने, गांव की संस्कृति, विरासत, परंपरागत उत्पाद, बीज, भाषा-बोली को बचाने व विकसित करने पर जोर दिया।

LEAVE A REPLY