दो कैदियों के बीच खूनी संघर्ष, एक की मौत

0
234

हल्द्वानी के उपकारागार में अलग अलग मामलों में निरुद्ध दो कैदियों के बीच खूनी संघर्ष को गया। एक कैदी ने दूसरे पर मुक्के के ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। घायल कैदी के अचेत होने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल में प्राथमिक उपचार के बाद कैदी को पहले सुशीला तिवाड़ी और फिर बेस अस्पताल ले जाया गया। बेस के चिकित्सकों ने कैदी को मृत घोषित कर दिया। जेलर संजीव ह्यांकी की ओर से आरोपित कैदी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। बताया जा रहा है कि हत्यारोपित कैदी छेड़खानी के आरोप में बंद है जबकि मृतक डकैती के आरोप में बंद है।

टीवी देखते हुए शानू और आलोक के बीच हुई बहस

वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने बताया कि बाजपुर निवासी शानू (19) पुत्र नन्हे डकैती कांड के आरोप में चार मार्च से जेल में बंद था। वहीं हल्द्वानी के दमुवाढूंगा निवासी आलोक नेगी पुत्र रमेश सिंह भी छेड़छाड़ के आरोप में छह मार्च को जेल में लाया गया था। दोनों को बैरक नंबर एक मे रखा गया था। रविवार की रात खाना खाने के बाद सभी कैदी टीवी देख रहे थे। इसी दौरान शानू और आलोक के बीच बहस हो गई। आलोक ने गुस्से में लेटे हुए शानू के सीने पर मुक्के के कई प्रहार कर दिए। शानू जैसे ही उठा, गश खाकर जमीन पर गिर गया।

जेल प्रशासन को इसका पता चला तो तुरंत चिकित्सक से प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद शानू को सुशीला तिवाड़ी अस्पताल ले जाया गया। सुशीला तिवाड़ी अस्पताल में उपचार नहीं मिलने पर उसे बेस हॉस्पिटल ले जाया गया। बेस के चिकित्सकों ने शानू को मृत घोषित कर दिया। देर रात जेलर संजीव ह्यांकी की तहरीर पर आलोक नेगी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। शानू के परिवार वालों को घटना की सूचना दे दी गई है। आज पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौपा जाएगा।

LEAVE A REPLY