वेतन नहीं मिलने से उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों में रोष

0
247

पिछले दो माह से उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया है। कर्मचारियों द्वारा कई बार समय पर वेतन दिए जाने की गुहार निगम के उच्चाधिकारियों से लगा चुके है। लेकिन उस पर अमल न होने से कर्मचारियों में रोष पनप रहा है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों को अपने परिवार का पालन पोषण करने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।

बच्चों के स्कूल की नहीं भर पाते फीस

राज्य परिवहन निगम के कर्मचारियों के विभिन्न संगठन लगातार अपनी बैठकों के माध्यम से अपनी मांगों को निगम के उच्चाधिकारियों तक पहुंचाते रहे हैं। लेकिन उस पर भी कोई अमल नहीं किया जाता। कर्मचारियों के अनुसार निगम उनको कभी भी समय पर वेतन उपलब्ध नहीं कराता है। जिससे उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो जाता है। आर्थिक संकट होने के कारण जहां वह समय से अपने बच्चों के स्कूल की फीस नहीं भर पाते है वहीं अन्य कार्यो में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार कर्मचारियों को जुलाई व अगस्त माह का वेतन अभी नहीं मिला है।

उन्होंने बताया कि वर्षा के मौसम में ऑफ सीजन होने के कारण निगम की आय में भी कमी रहती है। एआरएम गजेंद्र सिंह ने बताया कि बसों के संचालन के बाद हुई आय को प्रदेश स्तर पर भेजा जाता है जहां से कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था होती है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के वेतन के लिए निगम के उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY