लगातार दूसरी बार उत्तराखंड की पांचों सीटों पर कमल ने फहराया परचम

0
243

उत्तराखंड में लोकसभा चुनावों में पांचों सीटों पर लगातार दूसरी बार कमल खिल गया है, जबकि कांग्रेस को मायूसी हाथ लगी है। मतगणना के अंतिम दौर में पहुंचने के साथ यही तस्वीर सामने आ रही है। पांचों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने अजेय बढ़त हासिल कर ली है और अब सिर्फ औपचारिकता बाकी है। इसके साथ ही राज्य में लोकसभा चुनाव में लगातार दूसरी मर्तबा कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।

हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री एवं मौजूदा सांसद भाजपा प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक ने शाम चार बजे तक अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अंबरीश कुमार पर दो लाख से अधिक मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। नैनीताल सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर ढाई लाख से अधिक की बढ़त बना ली थी।

अल्मोड़ा में भी केंद्रीय राज्यमंत्री भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राज्यसभा सदस्य कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा पर अजेय बढ़त बना चुके हैं। टिहरी सीट पर मौजूदा सांसद भाजपा की माला राज्यलक्ष्मी शाह लगातार तीसरी जीत पक्की कर ली है। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ढाई लाख से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं।

पौड़ी सीट पर भाजपा प्रत्याशी राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत रिकार्ड जीत की तरफ बढ़ रहे हैं। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी अभी तक के मतों की गिनती में ढाई लाख से ज्यादा वोटों से पिछड़ रहे थे। पौड़ी को छोड़ बाकी सीटों पर महागठबंधन के तौर पर उतरे बसपा प्रत्याशी फिलवक्त रेस में कहीं नजर नहीं आ रहे।

कांग्रेस के सामने अपनी साख बचाने की चुनौती

लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में प्रदेश की सभी पांचों सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान हुआ। सभी सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में ही नजर आ रहा था। यह चुनाव दोनों ही दलों के लिहाज से महत्वपूर्ण था। भाजपा के सामने जहां 2014 का प्रदर्शन दोहराने की चुनौती थी, वहीं कांग्रेस के सामने अपनी साख बचाने की। इसे देखते हुए दोनों ही दलों की नजरें चुनाव नतीजों पर टिकी थीं। गुरुवार को मतगणना शुरू होते ही सभी प्रत्याशियों और उनके समर्थक सुबह से ही समाचार चैनलों पर टकटकी लगाए बैठ गए।

LEAVE A REPLY